बारामती: शादी का झांसा देकर 14 साल तक शोषण और लाखों की ठगी का आरोप, ज़िला परिषद सदस्य पर केस दर्ज

रोहन चौधरी/ब्यूरो प्रमुख
बारामती (महाराष्ट्र): बारामती के NCP से जुड़े ज़िला परिषद सदस्य मंगेश जगताप के खिलाफ शादी का झूठा वादा कर कथित रूप से लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और लाखों रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता भाग्यश्री धायगुडे, जो NCP महिला शाखा (युवती अघाड़ी) की बारामती अध्यक्ष बताई जाती हैं, ने आरोप लगाया है कि उनका मंगेश जगताप के साथ लगभग 14 वर्षों तक प्रेम संबंध रहा।

शिकायत के अनुसार, इस दौरान शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए तथा अलग-अलग समय पर लगभग 8 से 10 लाख रुपये भी लिए गए। महिला का आरोप है कि बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और उन्हें धोखा दिया।

मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब 27 जुलाई को पुणे ज़िला परिषद की आम सभा की बैठक के दौरान भाग्यश्री धायगुडे ने कथित रूप से खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस की तत्परता से उन्हें समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मंगेश जगताप के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *