विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगी भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम : डॉ. अर्चना गुप्ता

अजय शर्मा
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा किए जाने पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने श्री नितिन नवीन सहित सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। डॉ. अर्चना गुप्ता ने राष्ट्रीय संगठन में हरियाणा को मिले महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हरियाणा से जुड़े तीन प्रमुख कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए भी उत्साह और प्रेरणा का विषय है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा भाजपा प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया तथा हरियाणा से राज्यसभा सांसद श्री संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के लिए विशेष सम्मान की बात है। दोनों नेताओं का सांगठनिक अनुभव, कार्यकुशलता, समर्पण और व्यापक संगठनात्मक अनुभव राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. सतीश पूनिया ने हरियाणा प्रदेश प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं, श्री संजय भाटिया का भी संगठन, जनसेवा और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद का लंबा अनुभव रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर दोनों नेताओं को महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से हरियाणा भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता में गौरव और उत्साह की भावना है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने हरियाणा भाजपा के पूर्व सोशल मीडिया प्रमुख श्री अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिलने पर भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के क्षेत्र में श्री अरुण यादव के अनुभव और संगठन के प्रति उनकी सक्रियता का लाभ राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विचार एवं जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के मार्गदर्शन में पार्टी का संगठन निरंतर विस्तार, सशक्तीकरण और जनसेवा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव, ऊर्जा, संगठनात्मक क्षमता और व्यापक क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का समन्वय किया गया है, जो पार्टी को देशभर में नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा को राष्ट्रीय संगठन में मिला यह महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व प्रदेश भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा का भी सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प, भाजपा की विचारधारा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।


