
12 अगस्त को सदर बाजार में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, हर दुकान पर लहराएगा राष्ट्रध्वज
राष्ट्र प्रथम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “हर घर तिरंगा” अभियान से प्रेरित होकर सदर बाजार में 12 अगस्त को एक भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस अभियान के अंतर्गत पूरे सदर बाजार की विभिन्न मार्केटों को तिरंगे की रंगत से सजाया जाएगा और व्यापारियों के साथ मिलकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
सदर बाजार के वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने बताया कि तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए जल्द ही सदर बाजार की सभी मार्केटों और व्यापारी संगठनों की एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें यात्रा की रूपरेखा, मार्ग और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अधिक से अधिक व्यापारियों और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू किया गया “हर घर तिरंगा” अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने का माध्यम बना है। सदर बाजार के व्यापारी भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी-अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएंगे तथा पूरे बाजार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग देंगे।
पम्मा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
पम्मा ने सभी व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे 12 अगस्त की तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रगौरव का संदेश दें तथा “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” अभियान को सफल बनाएं।



