बच्चों की सुरक्षा के लिए सरकार बनाए सुरक्षित एवं आधुनिक हॉस्टल – परमजीत सिंह पम्मा

पीजी की आड़ में बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: परमजीत सिंह पम्मा

सत्य निकेतन हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों को नेशनल अकाली दल ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर 2026 को पांच मंजिला पीजी (पेइंग गेस्ट) इमारत ढहने की दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले बच्चों एवं अन्य मृतकों की आत्मा की शांति के लिए नेशनल अकाली दल (NAD) की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल, नेशनल अकाली दल दल के राष्ट्रीय सचिव जसवीर सिंह सरना दिल्ली प्रदेश के उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह सचदेवा, सचिव बलविंदर सिंह सरना, सुनील पुरी सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि सत्य निकेतन की घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। जिस उम्र में बच्चे अपने सपनों को पूरा करने के लिए घर से दूर रहकर पढ़ाई और अपने भविष्य को संवारने आते हैं, उसी उम्र में उनकी जिंदगी असुरक्षित इमारतों और लापरवाही की भेंट चढ़ जाए, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
पम्मा ने कहा कि पीजी की आड़ में बच्चों की जान से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उनसे हर महीने हजारों रुपये किराए के रूप में वसूले जाते हैं, लेकिन कई जगह उनकी सुरक्षा, भवन की मजबूती, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से पैसा लेने के साथ-साथ उनकी जान-माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने सरकार से मांग की कि दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों में पढ़ाई और रोजगार के लिए आने वाले विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, किफायती और आधुनिक सरकारी हॉस्टल बनाए जाएं, ताकि बच्चों को असुरक्षित पीजी में रहने के लिए मजबूर न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार को सभी पीजी भवनों का सुरक्षा ऑडिट, स्ट्रक्चरल जांच, फायर सेफ्टी और आवश्यक अनुमतियों की नियमित जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पम्मा ने कहा, “बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी सुरक्षा केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि सरकार और समाज की भी जिम्मेदारी है। किसी भी कीमत पर बच्चों की जिंदगी के साथ समझौता नहीं होना चाहिए।”
अंत में नेशनल अकाली दल के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी बच्चों और मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *