पण्डा बाईपास में सड़क के गड्ढों पर जिलाधिकारी सख्त, विभाग को दिए सुधारीकरण के कड़े निर्देश

गुणवत्ता पर दिया जाए विशेष ध्यान, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

जनपद की सभी सड़कों की मरम्मत संबंधित विभाग की जिम्मेदारी :जिलाधिकारी

दीपक जोशी

पिथौरागढ़: जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज पण्डा बाईपास मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। मार्ग के कुछ पैच में गड्ढे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल सड़क की मरम्मत सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव वाले पैच के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की बहानेबाजी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को सुगम आवागमन उपलब्ध करवाना विभाग की जिम्मेदारी है। इन कार्यों में यदि शिथिलता या लापरवाही सामने आई तो उसको गंभीरता से लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य सड़कों में भी गड्ढों की मरम्मत युद्ध स्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जल निकासी सुचारु रहे और आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव में लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस दौरान अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग दिनेश मोहन गुप्ता, तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *