जिलाधिकारी ने देर शाम जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर लगाई कड़ी फटकार

पिथौरागढ़: जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगाई ने मंगलवार देर शाम जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की ड्यूटी तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने इएनएस एम लॉरेंस, सुचित्रा ग्वाल, नर्सिंग ऑफिसर तथा वीर राम, पीआरडी के विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं बसंती मेहता से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने पीएमएस डॉ. डीपी सिंह को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल की स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कार्यरत सभी कर्मचारियों को रोस्टर के आधार पर स्पष्ट रूप से कार्य आवंटित किया जाए तथा प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी कर्मचारी अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में दोबारा किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में सुधार के साथ-साथ साफ-सफाई एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मरीजों एवं तीमारदारों से लिया स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक

औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रहे उपचार, दवाइयों की उपलब्धता तथा अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा उन्हें समय पर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

सड़क हादसे में घायल मरीज के उपचार की भी ली जानकारी

जिलाधिकारी ने विगत दिवस घाट-पनार राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल होकर जिला अस्पताल में उपचार करा रहे मरीज के स्वास्थ्य एवं उपचार की भी जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से मरीज की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उपचार एवं उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सड़क हादसे में घायल मरीज को हर संभव उचित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। आवश्यकता के अनुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मरीज के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार, स्वच्छता, मरीजों की सुविधा तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *