भक्ति, भव्यता और सितारे: श्री बांके बिहारी मित्र मंडल के ५६ भोग महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु, फिल्मी हस्तियां भी हुईं शामिल

राष्ट्र प्रथम न्यूज़ नेटवर्क
दिल्ली: श्री बांके बिहारी मित्र मंडल, गांधीनगर द्वारा श्री राधा रानी के पावन चरणों में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस दिव्य संध्या में फूलों का मनोरम बंगला सजाया गया, मां राधा-रानी को ५६ भोग अर्पित किए गए तथा भजन अमृत वर्षा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ‘श्री लाल महल बासमती ग्रुप’ के चेयरमैन डॉ. प्रेम गर्ग ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथियों में ‘श्री खाटू धाम दिल्ली धाम’ के अध्यक्ष एवं ‘व्यापारी महासंघ’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम झवेरी गुप्ता, तथा अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन (दिल्ली प्रदेश) के अध्यक्ष श्री देशबंधु गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और राधा रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। श्री बांके बिहारी मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने आए हुए सभी मुख्य अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का समापन महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ उठाया।



