
राष्ट्र प्रथम न्यूज़ नेटवर्क
नारनौल, उपायुक्त अनुपमा अंजलि के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र के निर्देशानुसार तथा बाबा दुधाधारी डोहर सेवा समिति के सहयोग से विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर “हरित भविष्य के लिए साइकिलिंग” विषय पर साइकिल यात्रा एवं जागरूकता संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। साइकिल यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डोहर खुर्द के सरपंच प्रतिनिधि महिपाल, भीम सिंह, नरेश, विजयपाल, हरीश कुमार शर्मा, हंसराज, सुनील कुमार, देशराज, कप्तान सिंह एवं भूपेंद्र कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है बल्कि कार्बन उत्सर्जन को कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी में विश्व साइकिल दिवस की इस वर्ष की थीम “हरित भविष्य के लिए साइकिलिंग” पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं से अधिकाधिक साइकिल उपयोग करने तथा हरित एवं सतत विकास के लिए योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने कहा कि माय भारत पोर्टल युवाओं को राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। विश्व साइकिल दिवस जैसी गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि “हरित भविष्य के लिए साइकिलिंग” केवल एक विषय नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक जनआंदोलन है। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर अधिक से अधिक राष्ट्र निर्माण एवं जनहित की गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने “फिट इंडिया, हिट इंडिया”, “माय भारत – विकसित भारत” तथा “हरित भविष्य के लिए साइकिल अपनाने” का संकल्प लिया। युवा स्वयंसेवक हरिश शर्मा ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का सशक्त संदेश समाज तक पहुंचाया गया।



