Worldदेशविदेश

नेशनल अकाली दल ने लीगल विंग का किया गठन, कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

“कानूनी जागरूकता और न्याय को घर-घर तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य : परमजीत सिंह पम्मा”

राष्ट्र प्रथम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं जनहित के कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पार्टी की लीगल विंग के गठन की घोषणा की। इस अवसर पर एडवोकेट आशु तेवतिया, एडवोकेट सुजाता संधू, एडवोकेट अर्पित शर्मा तथा एडवोकेट संदीप पवार को नेशनल अकाली दल का लीगल एडवाइजर नियुक्त किया गया।
नियुक्ति समारोह के दौरान सभी अधिवक्ताओं को नेशनल अकाली दल का पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नेशनल अकाली दल के सोशल विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रश्मीत कौर बिंद्रा, एजुकेशन विंग की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रिदम चड्ढा तथा दिल्ली प्रदेश के उपाध्यक्ष वरिंदर आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि पार्टी की लीगल विंग आम जनता को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं पीड़ित वर्गों को समय पर उचित कानूनी मार्गदर्शन और सहायता मिल सके, इसके लिए अनुभवी अधिवक्ताओं की टीम का गठन किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई लीगल विंग संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ लोगों के अधिकारों की रक्षा और न्याय दिलाने में भी अहम योगदान देगी।
पम्मा ने कहा कि आज महिलाओं से छेड़खानी, साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, स्कूलों और अस्पतालों की मनमानी, उपभोक्ता अधिकारों का हनन, संपत्ति विवाद, श्रमिकों के शोषण तथा ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के माध्यम से बच्चों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ जैसे अनेक गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। इन मामलों में अक्सर लोग कानूनी प्रक्रियाओं की जटिलताओं के कारण न्याय के लिए लंबे समय तक भटकते रहते हैं। नेशनल अकाली दल की लीगल विंग ऐसे पीड़ित लोगों को उचित कानूनी सलाह, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेगी।
पम्मा ने कहा कि नेशनल अकाली दल हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है और अब लीगल विंग के माध्यम से लोगों की कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए और अधिक प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय और कानूनी जागरूकता पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न रहे।
नवनियुक्त लीगल एडवाइजर एडवोकेट आशु तेवतिया ने कहा कि वे नेशनल अकाली दल की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प के साथ पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि लीगल विंग का प्रयास रहेगा कि आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए और पीड़ित व्यक्तियों को समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}