देशBusiness

आईएसबीटी एवं मॉल परिसर के विकास कार्यों को मिलेगी गति, यात्री सुविधाओं में होगा व्यापक सुधार

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, रेनोवेशन से लेकर सुरक्षा एवं आधुनिक सुविधाओं पर बनी सहमति

नरेश मनोचा
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देहरादून-मसूरी क्षेत्र में यात्री एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आईएसबीटी एवं मॉल परिसर से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आईएसबीटी के रेनोवेशन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, व्यावसायिक गतिविधियों तथा संचालन से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की गई। अधिकारियों को सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

आईएसबीटी परिसर में दुकानों, कार्यालयों, रेस्टोरेंट एवं कियोस्क के किराये के पुनर्निर्धारण तथा लंबित अनुबंधों के नवीनीकरण पर भी चर्चा हुई। पुराने लाइसेंसधारियों को नए कियोस्क में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। यात्रियों की सुविधा के लिए भूतल का बेहतर उपयोग, आधुनिक शौचालयों का निर्माण तथा प्लेटफार्म के फर्श का चरणबद्ध नवीनीकरण किया जाएगा।

इसके साथ ही ओला-ऊबर सहित ऑनलाइन कैब सेवाओं के लिए निर्धारित बूथ बनाए जाने, परिसर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा पुरानी स्ट्रीट लाइट, लाइट पोल और पावर केबल को बदलने जैसे कार्य भी किए जाएंगे। निर्माण कार्यों के दौरान निकलने वाली निष्प्रयोज्य सामग्री का चरणबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

मॉल परिसर का भी होगा तकनीकी एवं सौंदर्यीकरण विकास

बैठक में मॉल परिसर में हार्टिकल्चर एवं इंजीनियरिंग कार्यों, सौंदर्यीकरण, चिलर सिस्टम, ड्रिंकिंग वाटर पैनल, पंप रूम और विद्युत कक्षों में जलभराव की समस्या के समाधान सहित विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया।

एमडीडीए अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में एमडीडीए सचिव श्री मोहन सिंह बर्निया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}